UPPCS Topper Story: आटा-चावल की दुकान चलाने वाले पिता की बेटी अनन्या त्रिवेदी ने रचा इतिहास, पहले ही प्रयास में हासिल की टॉप रैंक

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस 2024 परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी हो गया है, और इस बार रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि अनन्या ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में प्राप्त की, जो उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है।

साधारण परिवार से आने वाली अनन्या की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे रायबरेली जिले को गौरवान्वित किया है। उनके पिता सुशील त्रिवेदी एक छोटी परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां रेखा रानी बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं। अनन्या अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपनी मां को देती हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने अपने मामा राजेश पांडेय का भी जिक्र किया, जो कानपुर देहात में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात हैं।

शैक्षणिक स्तर पर भी अनन्या का प्रदर्शन हमेशा उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई एक निजी स्कूल से पूरी की और इसके बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय से सोशल साइंस में पोस्टग्रेजुएशन किया। इतना ही नहीं, वह अपने ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडलिस्ट भी रही हैं, जो उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।

अनन्या की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी कहानी यह साबित करती है कि यदि लगन और मेहनत सच्ची हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उनकी उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *