सत्ता में आए तो झूठे केस खत्म, महिलाओं को 40 हजार देने का ऐलान… चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान

शिव शंकर सविता- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी में आयोजित रैली के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और 2027 के चुनावों को लेकर कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जिन लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते कई निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी सरकार बनने पर ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कर उन्हें खत्म किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही ‘सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत माताओं और बहनों को 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

अधूरे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कर रही है भाजपा सरकार

भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि प्रदेश में माफिया खत्म हो गए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि “एक ही माफिया बचा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने लोगों के केस वापस लेकर दोहरा मापदंड अपनाया है और नौ साल का कोई हिसाब नहीं दिया। इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अधूरे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कर रही है। “एयरपोर्ट का उद्घाटन कर देते हैं, लेकिन यह नहीं पता कि वहां से उड़ान कब शुरू होगी। हमने नोएडा में विकास का काम किया और एयरपोर्ट के लिए एनओसी दिलाई, लेकिन अभी सिर्फ पहला फेज बना है,”

किसान के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

किसानों के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की जमीन तो ले ली गई, लेकिन उन्हें बाजार दर के अनुसार मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को जमीन के बदले उचित मुआवजा मिलेगा। “हम 64 प्रतिशत मुआवजा और 4 प्रतिशत प्लॉट देने का काम करेंगे,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान मिलेगा। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समुदाय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार इन वर्गों को उनका हक नहीं दे रही है।

उम्मीद से ज्यादा जीतेंगे सीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा “ड्राई क्लीन शॉप” की तरह काम कर रही है, जहां भ्रष्ट लोग जाकर साफ हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन उम्मीद से ज्यादा सीटें जीतेंगे। पश्चिम बंगाल के चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा वहां सम्मानजनक हार भी नहीं हार पाएगी। वहीं, एलपीजी संकट पर उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *