डिजिटल डेस्क- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने 29 मार्च 2026 को कक्षा 10वीं (मैट्रिक) का रिजल्ट घोषित कर दिया। शिक्षा मंत्री आनंद किशोर द्वारा परिणाम जारी किए गए, जिसमें इस वर्ष कुल 81.79 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। खास बात यह रही कि इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 15,12,687 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 12,35,743 छात्र सफल घोषित किए गए। इनमें 6,34,353 लड़कियां और 6,01,390 लड़के शामिल हैं। परिणाम के आंकड़े बताते हैं कि लड़कियों की सफलता दर लड़कों की तुलना में बेहतर रही है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
ये छात्र रहे टॉपर
टॉपर्स की सूची में इस बार भी लड़कियों का दबदबा देखने को मिला। संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर पुष्पांजलि कुमारी (जमुई) और सबरीन प्रवीण (वैशाली) रहीं, जिन्होंने 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल किए। दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंक (97.8 प्रतिशत) प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर बक्सर की अनुपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार ने 488 अंक (97.6 प्रतिशत) के साथ जगह बनाई।चौथे स्थान पर समस्तीपुर की ज्योति कुमारी, बांका के अनुभव कुमार और पूर्णिया के अंश राज ने 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल किए। इन सभी छात्रों की मेहनत और लगन ने उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाई है। डिवीजन के आधार पर परिणामों की बात करें तो प्रथम श्रेणी में 4,43,723 छात्र पास हुए हैं, जबकि द्वितीय श्रेणी में 4,75,511 और तृतीय श्रेणी में 3,03,103 छात्र सफल हुए। इसके अलावा 13,406 छात्रों को पास डिवीजन में रखा गया है।
17 फरवरी से 25 फरवरी के मध्य आयोजित हुई तीं परीक्षाएं
बिहार बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा के बाद से ही छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म हो गया है। छात्र अपने परिणाम ऑनलाइन आधिकारिक वेबसाइट्स results.biharboardonline.com और matricbiharboard.com पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा डिजिलॉकर और एसएमएस के माध्यम से भी रिजल्ट प्राप्त किया जा सकता है। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद उनका परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।