इंस्टाग्राम वाला प्यार पड़ा भारी, चार बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई महिला, बच्चों की पुकार ने बदला फैसला, लौटी वापस घर

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाली और भावनात्मक कहानी सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार एक परिवार के टूटने की कगार तक पहुंच गया। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली चार बच्चों की मां इंस्टाग्राम पर बने एक रिश्ते के चलते अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। हालांकि, इस कहानी का अंत उस वक्त बदला जब मासूम बच्चों की भावुक अपील ने मां का दिल पिघला दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान 28 वर्षीय एक युवक से हुई। शुरुआत में सामान्य बातचीत धीरे-धीरे गहरी होती चली गई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। कुछ ही समय में यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।

परिजनों ने लोक-लाज के चलते नहीं की शिकायत

बताया जा रहा है कि महिला ने बिना किसी को बताए एक दिन अचानक घर छोड़ दिया और अपने प्रेमी के साथ चली गई। उसके इस कदम से परिवार में हड़कंप मच गया। पति और चारों बच्चे परेशान हो गए और कई दिनों तक उसे तलाशते रहे। लेकिन लोक-लाज के डर से परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। करीब 10 दिन बाद महिला के बारे में जानकारी मिली कि वह पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में अपने प्रेमी के साथ रह रही है। यह खबर मिलते ही महिला के परिजन और बच्चे उसे ढूंढते हुए वहां पहुंच गए। मां को देखते ही बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे और उससे घर लौटने की गुहार करने लगे। लेकिन उस समय महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला, उसके प्रेमी और परिजनों को थाने ले आई।

दो घंटे चली पंचायत, वापस लौटी घर

थाने में करीब दो घंटे तक पंचायत चली। इस दौरान बच्चों ने अपनी मां से बार-बार घर लौटने की अपील की। मासूम बच्चों की आंखों में आंसू और उनकी पुकार ने आखिरकार मां का दिल पसीजा दिया। भावुक माहौल में महिला ने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया और प्रेमी को छोड़कर अपने परिवार के पास लौटने को तैयार हो गई। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। महिला को उसके परिवार के साथ घर भेज दिया गया है और वह अब अपने पति और बच्चों के साथ रहने को राजी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *