‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में पीएम मोदी ने वैश्विक संकट, ऊर्जा चुनौती और भारत की तैयारियों पर दिया स्पष्ट संदेश

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘Mann Ki Baat’ के 132वें एपिसोड में वैश्विक हालात और भारत की तैयारियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने मार्च माह को वैश्विक स्तर पर हलचल भरे महीने के रूप में बताया और कोविड-19 महामारी के बाद उम्मीद थी कि दुनिया तेजी से आगे बढ़ेगी, लेकिन विभिन्न क्षेत्रों में युद्ध और तनाव ने स्थिति को चुनौतीपूर्ण बना दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया एक बार फिर अनिश्चित परिस्थितियों से गुजर रही है और कई देशों में लगातार संघर्ष ने वैश्विक स्थिरता को प्रभावित किया है। उन्होंने कोविड-19 के समय दुनिया के लंबी लड़ाई को याद दिलाया और कहा कि उस समय भी उम्मीद थी कि हालात जल्द सुधरेंगे, लेकिन अब अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और तनाव ने विकास की रफ्तार को धीमा कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों का आभार जताया, जहां एक करोड़ से ज्यादा भारतीय रहते हैं। उन्होंने कहा कि संकट के समय ये देश भारतीयों को हर संभव मदद दे रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिली है। इसके अलावा उन्होंने वैश्विक ऊर्जा संकट पर भी ध्यान आकर्षित किया। युद्ध वाले क्षेत्र ऊर्जा का बड़ा केंद्र होने के कारण पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे दुनिया भर में ईंधन संकट गहरा रहा है।

भारत की तैयारी पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मजबूत वैश्विक संबंधों और पिछले एक दशक में विकसित क्षमताओं के कारण भारत इन चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह समय चुनौतीपूर्ण है और धैर्य और समझदारी से काम लेना बेहद जरूरी है।

राजनीतिक अफवाहों पर उन्होंने चेतावनी दी और देशवासियों से अपील की कि केवल सरकार की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों में न आएं। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि जैसे भारत ने कोविड संकट को पार किया, वैसे ही इस वैश्विक चुनौती से भी देश उबर जाएगा। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ लोगों की एकजुटता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।

इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्थिति, ऊर्जा संकट, भारत की तैयारियों और नागरिकों की जिम्मेदारियों पर स्पष्ट संदेश दिया, जिससे नागरिक जागरूक और सतर्क रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *