IPL 2026 की धमाकेदार शुरुआत, RCB ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, SRH पहले करेगी बल्लेबाजी

डिजिटल डेस्क- इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का बहुप्रतीक्षित आगाज़ आखिरकार हो गया है। 19वें सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जा रहा है। मुकाबले की शुरुआत टॉस से हुई, जहां RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस जीतने के बाद पाटीदार ने पिच को देखते हुए चेज़ करना बेहतर विकल्प बताया। वहीं, हैदराबाद की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। इस मैच के साथ ही क्रिकेट फैंस का लंबा इंतजार खत्म हो गया है और स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

दोनों टीमों में नए चेहरे, कप्तानी में बदलाव

इस मुकाबले में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन में कुछ नए चेहरे नजर आए। RCB की ओर से जैकब डफी और अभिनंदन सिंह ने डेब्यू किया, जबकि हैदराबाद के लिए सलिल अरोड़ा पहली बार मैदान पर उतरे। सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी इस मैच में ईशान किशन संभाल रहे हैं, क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं हैं। दूसरी ओर, RCB की कमान रजत पाटीदार के हाथों में है। हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और नितीश रेड्डी जैसे मजबूत बल्लेबाज शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी में हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी नाम टीम को संतुलन देते हैं।RCB की ओर से विराट कोहली, फिल साल्ट और टिम डेविड बल्लेबाजी की कमान संभालेंगे, जबकि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और सुयश शर्मा पर जिम्मेदारी होगी।

पिच रिपोर्ट: हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद

पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अनिल कुंबले के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहने वाली है। उन्होंने बताया कि मैदान का एक छोर 65 मीटर और दूसरा 64 मीटर है, जिससे बड़े शॉट्स देखने को मिल सकते हैं। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। RCB इस मुकाबले में बतौर डिफेंडिंग चैंपियन उतरी है। पिछले साल टीम ने खिताब जीतकर इतिहास रचा था, लेकिन जीत का जश्न एक दुखद घटना में बदल गया था, जब स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद यह पहला बड़ा मुकाबला है, जिससे माहौल भावनात्मक भी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *