KNEWS DESK – Ranveer Singh की फिल्म Dhurandhar 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है, लेकिन इसी बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है।
थिएटर में भिड़े फैंस
फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान कुछ दर्शकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पहले तो लोग अपनी सीट पर बैठे-बैठे ही बहस करते नजर आए, लेकिन देखते ही देखते कुछ लोग खड़े हो गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाने लगे।
इस अचानक हुई लड़ाई से थिएटर में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डर के मारे हॉल से बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
थिएटर में हुई इस मारपीट का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को हजारों लाइक्स मिल चुके हैं और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना किस शहर के थिएटर की है।
फिल्म में जहां रणवीर सिंह ‘जसकीरत सिंह रंगी’ के किरदार में दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं, वहीं थिएटर में भी दर्शकों के बीच वैसा ही हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई
Aditya Dhar के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज 8 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही ‘धुरंधर 2’ साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म की स्टारकास्ट की एक्टिंग और एक्शन सीन्स को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।