KNEWS DESK- वैश्विक अस्थिरता और बढ़ती ऊर्जा कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी भी तरह के लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर साफ किया कि देश में ईंधन, ऊर्जा और जरूरी वस्तुओं की सप्लाई सुचारु रूप से जारी है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात भले ही अनिश्चित बने हुए हों, लेकिन सरकार हर पहलू- ऊर्जा, सप्लाई चेन और आवश्यक वस्तुओं पर लगातार नजर बनाए हुए है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
मंत्री ने विशेष रूप से लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। पिछले एक महीने में कीमतें लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 122 डॉलर तक पहुंच गई हैं। इसका असर वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ा है। दक्षिण-पूर्व एशिया में कीमतें 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ी हैं, जबकि उत्तरी अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
हरदीप पुरी ने बताया कि सरकार के सामने दो विकल्प थे—या तो अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार कीमतें बढ़ा दी जाएं, या फिर खुद वित्तीय बोझ उठाकर आम जनता को राहत दी जाए। सरकार ने दूसरा रास्ता चुना ताकि नागरिकों को वैश्विक अस्थिरता का सीधा असर न झेलना पड़े।
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी स्थिति को लेकर भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और प्रधानमंत्री स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं। उनका संदेश साफ है—घबराने की जरूरत नहीं, देश सुरक्षित हाथों में है।