KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी इन दिनों धुरंधर 2 में अपने दमदार अभिनय को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में उनके निभाए गए किरदार की हर तरफ तारीफ हो रही है। हालांकि, जहां एक ओर उनकी एक्टिंग की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर एक पुराना विवाद भी फिर से चर्चा में आ गया है, जिस पर अब खुद एक्टर ने खुलकर अपनी बात रखी है।
ट्रेलर लॉन्च का वीडियो बना विवाद की वजह
दरअसल, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें राकेश बेदी अपनी को-स्टार सारा अर्जुन के कंधे के पास झुकते हुए नजर आए। इस वीडियो को लेकर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि एक्टर ने उन्हें किस किया, जिसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
फिल्म में 71 वर्षीय राकेश बेदी ने एक चालाक राजनेता ‘जमील जमाली’ का किरदार निभाया है, जबकि सारा अर्जुन उनकी बेटी ‘यालिना जमाली’ के रोल में नजर आई हैं।
“गलत समझा गया पूरा मामला”
अब इस पूरे विवाद पर रिएक्ट करते हुए राकेश बेदी ने साफ कहा कि उस पल को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान सारा अर्जुन के साथ उनका रिश्ता बिल्कुल पिता-पुत्री जैसा था।
एक्टर ने कहा कि वह अक्सर सारा को गले लगाते थे और उसके माथे पर किस करते थे, ताकि वह सहज महसूस कर सके और सीन बेहतर कर पाए। ट्रेलर लॉन्च के दौरान भी उन्होंने उसी तरह से उनका स्वागत किया, लेकिन लोगों ने उसे गलत समझ लिया।
“लोगों को चाहिए बस मुद्दा”
राकेश बेदी ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों को बिना वजह मुद्दा बनाने की आदत हो गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि कुछ लोगों ने उनका समर्थन भी किया।
उन्होंने कहा, “कुछ तो लोग कहेंगे… लोगों का काम है कहना।” उनके मुताबिक, इतनी बड़ी सफलता हर किसी के हिस्से में नहीं आती और शायद इसी वजह से भी लोग बातें बनाते हैं।
पहले भी दे चुके हैं जवाब
इससे पहले भी एक्टर ने इस मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा था कि वह कभी भी सार्वजनिक मंच पर गलत इरादे से ऐसा व्यवहार नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय सारा अर्जुन के माता-पिता भी वहां मौजूद थे, ऐसे में गलत सोच रखने वालों को अपनी मानसिकता बदलनी चाहिए।