पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने जारी की दूसरी लिस्ट, 111 उम्मीदवारों के नाम घोषित, जानें किसको कहां से टिकट

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गुरुवार को अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में 111 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 255 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले जारी पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम थे।

दूसरी सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री नीतीश प्रमाणिक को माथाभंगा से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, मशहूर धारावाहिक महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण सीट से टिकट दिया गया है।

नोआपाड़ा से अर्जुन सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जो कोलकाता में पूर्वांचल के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वे पहले टीएमसी में थे, फिर बीजेपी में आए, बीच में पार्टी छोड़ी और अब दोबारा बीजेपी में शामिल होकर चुनाव लड़ रहे हैं।

बीजेपी ने दार्जिलिंग से नोमन राय, जलपाईगुड़ी से अनंत देब अधिकारी, कालिम्पोंग से भरत छेत्री और खरग्राम से मिताली मल को टिकट दिया है। प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष इंद्रनील खान को बेहाला पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, संदेशखली मामले से चर्चा में आईं रेखा पात्रा को हिंगलगंज (आरक्षित) सीट से टिकट दिया गया है।

बंगाली फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता हिरण चटर्जी को श्यामपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वे 2021 के विधानसभा चुनाव में खड़गपुर सदर से जीत चुके हैं, लेकिन इस बार उनकी सीट बदली गई है। इसके अलावा, अभिनेत्री सरबोरी मुखर्जी को जादवपुर और पपिया डे अधिकारी को टॉलीगंज से उम्मीदवार बनाया गया है।

बीजेपी नेता रितेश तिवारी को काशीपुर-बेलगछिया से टिकट मिला है। वे भी कुछ समय पहले पार्टी छोड़कर वापस लौटे थे।वहीं, वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के छोटे भाई देवेंदु अधिकारी को एगरा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार को जगतदल से टिकट दिया गया है।

बीजेपी ने अपनी पहली सूची में संशोधन करते हुए विष्णुपुर सीट से बिस्वजीत खान को उम्मीदवार घोषित किया है। इससे पहले इस सीट से अग्निश्वर नस्कर को टिकट दिया गया था।

बीजेपी की दूसरी सूची में कई नए चेहरों, दल-बदल कर लौटे नेताओं और फिल्मी हस्तियों को मौका दिया गया है। इससे साफ है कि पार्टी इस बार चुनाव में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ चर्चित चेहरों पर भी दांव लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *