बंगाल, असम समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज, EC करेगी शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस

KNEWS DESK- असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज हो सकता है। चुनाव आयोग ने विज्ञान भवन में आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें पांचों राज्यों के चुनाव शेड्यूल का खुलासा होने की संभावना है।

पांचों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल इस प्रकार समाप्त हो रहा है- असम का 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई, पश्चिम बंगाल का 7 मई और पुडुचेरी का 15 जून। इसका मतलब है कि 7 मई से पहले इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो सकती है।

पिछली विधानसभा चुनावों के नतीजों पर नजर डालें तो असम में 126 सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव हुए थे। इसमें एनडीए ने 75 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए आठ चरणों में मतदान हुआ, जिसमें टीएमसी ने 215 और बीजेपी ने 77 सीटें जीतीं, और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनीं।

तमिलनाडु में 234 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हुआ था। डीएमके ने 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई, अन्नाद्रमुक ने 66 और बीजेपी ने 5 सीटें हासिल की थीं, और एमके स्टालिन मुख्यमंत्री बने। केरल की 140 सीटों के लिए भी एक ही चरण में वोटिंग हुई थी, जिसमें एलडीएफ ने 99 और यूडीएफ ने 41 सीटें जीतीं। पिनराई विजयन लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।

पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में मतदान हुआ। एनडीए ने 16 और यूपीए ने 9 सीटें जीती थीं, और एनडीए के एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने। इन पिछली नतीजों के आधार पर इस बार चुनाव की तैयारियों और पार्टियों की रणनीतियों पर सबकी नजर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *