K News Desktop-उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) इस माह के अंत तक करीब 6500 चालकों और परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। यह नियुक्तियां आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएंगी।
प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को परिवहन निगम मुख्यालय के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। इसमें बताया गया कि 3060 चालकों और 3614 परिचालकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और इसकी औपचारिक कार्यवाही जारी है। इन नियुक्तियों से बसों का संचालन सुचारु होगा और यात्रियों को समय पर बस सेवा मिलने में मदद मिलेगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बस संचालन और आय में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिन क्षेत्रों में बस संचालन कम या आय में गिरावट की शिकायत आती है, वहां संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही बजट की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि विभाग को आवंटित बजट शत-प्रतिशत खर्च किया जाए और बसों की खरीद प्रक्रिया तेज की जाए। बसों की संख्या बढ़ाने से प्रदेश के अधिक से अधिक क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल, परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह, विशेष सचिव परिवहन केपी सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।