KNEWS DESK- भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया और अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 254 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने जोरदार कोशिश की, लेकिन अंत में वह लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गई। इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड की ओर से युवा बल्लेबाज जैकब बैथल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताबड़तोड़ शतक जड़ा। बैथल ने सिर्फ 48 गेंदों में 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था। हालांकि उनकी इस शानदार पारी के बावजूद इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय गेंदबाजों ने दबाव के क्षणों में बेहतरीन गेंदबाजी की। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। भारत की ओर से कुल 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया गया, जिनमें से 5 गेंदबाज विकेट लेने में सफल रहे। पंड्या के अलावा चार अन्य गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।