आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 18 की मौत, जांच शुरू

डिजिटल डेस्क- आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के पेड्डापुरम क्षेत्र के समालकोट मंडल के वेतलापलेम गांव स्थित एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग और धमाके में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले फैक्ट्री परिसर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। धमाकों के समय फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक भारी जनहानि हो चुकी थी। घायलों को तत्काल पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया गया है ताकि जांच में कोई बाधा न आए।

कच्चे माल के भंडारण की वजह से आग भड़कने की संभावना

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पटाखों के कच्चे माल के भंडारण या निर्माण प्रक्रिया के दौरान लापरवाही के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धमाके के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद श्रम और अग्निशमन विभाग की टीमें भी सुरक्षा मानकों की समीक्षा में जुट गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *