डिजिटल डेस्क- भारतीय घरेलू क्रिकेट में बड़ा उलटफेर करते हुए जम्मू और कश्मीर की टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन पहली पारी में विशाल बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को 2025-26 सीजन का चैंपियन घोषित किया गया। यह टीम के लिए और पूरे राज्य के क्रिकेट इतिहास के लिए ऐतिहासिक क्षण है। जम्मू-कश्मीर पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। सामने थी कर्नाटक जैसी दिग्गज और सितारों से सजी टीम, जिसकी प्लेइंग इलेवन में भारत के लिए टेस्ट खेल चुके केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर, देवदत्त पडिक्कल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ी शामिल थे। इसके विपरीत जम्मू-कश्मीर की टीम में किसी भी खिलाड़ी के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव नहीं था। बावजूद इसके, पारस डोगरा की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया।
पहली पारी में 584 रन, कर्नाटक दबाव में
फाइनल में कप्तान पारस डोगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने इस फैसले को सही साबित करते हुए पहली पारी में 584 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुभम पुंडीर ने 121 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। यावर हसन (88), साहिल लोत्रा (72), कन्हैया वाधवन (70) और खुद कप्तान पारस डोगरा (70) ने भी अहम योगदान दिया। अब्दुल समद ने भी अर्धशतक जड़कर पारी को मजबूती दी। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने पांच विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को बड़ी बढ़त से नहीं रोक सके।
आकिब नबी का पंजा, कर्नाटक 293 पर ढेर
जवाब में कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर सिमट गई। मयंक अग्रवाल ने 160 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। केएल राहुल बड़ी पारी नहीं खेल सके। जम्मू-कश्मीर की ओर से इन-फॉर्म तेज गेंदबाज आकिब नबी ने पांच विकेट लेकर कर्नाटक की कमर तोड़ दी। सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह चरक ने दो-दो विकेट लिए, जबकि साहिल लोत्रा को एक सफलता मिली। पहली पारी में 291 रनों की बढ़त ने मैच का रुख तय कर दिया।
दूसरी पारी में कामरान और साहिल का जलवा
दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर की शुरुआत खराब रही और 11 रन पर दो विकेट गिर गए। लेकिन सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल ने मोर्चा संभाला। वह मैच के दिन सुबह ही हुबली पहुंचे थे, फिर भी उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। कामरान ने नाबाद 160 रन बनाए, जबकि साहिल लोत्रा ने भी शानदार नाबाद 101 रनों की पारी खेली। उल्लेखनीय है कि साहिल को चोट के कारण इस मैच में मौका मिला था और उन्होंने इस अवसर को यादगार बना दिया। जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की।