KNEWS DESK- होली का त्योहार आते ही घरों में उत्साह और रौनक बढ़ जाती है। तरह-तरह के पकवानों की तैयारी शुरू हो जाती है। आमतौर पर इस दिन मीठी गुजिया बनाई जाती है, लेकिन हर कोई मीठा पसंद करे ऐसा जरूरी नहीं। जो लोग मीठा कम खाते हैं, उनके लिए नमकीन मूंग दाल गुजिया एक बेहतरीन विकल्प है।

बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार यह गुजिया बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी। आइए जानते हैं होली स्पेशल नमकीन मूंग दाल गुजिया की आसान रेसिपी।
नमकीन मूंग दाल गुजिया के लिए आवश्यक सामग्री
आटा तैयार करने के लिए
- मैदा – 2 कप
- तेल या घी – 3 बड़े चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – जरूरत अनुसार
स्टफिंग के लिए
- मूंग दाल – 1 कप (भिगोई हुई)
- जीरा – ½ छोटा चम्मच
- सौंफ – ½ छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
- गरम मसाला – 1 चम्मच
- हींग – चुटकीभर
- हरी मिर्च – बारीक कटी
- हरा धनिया – वैकल्पिक
- तेल – तलने के लिए
स्टेप 1: आटा तैयार करने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बाउल में मैदा, नमक और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें।
आटे को ढककर लगभग 20 मिनट के लिए रख दें ताकि वह सेट हो जाए।
स्टेप 2: मूंग दाल की मसालेदार स्टफिंग तैयार करें
- भीगी हुई मूंग दाल का पानी निकालकर उसे दरदरा पीस लें।
- कड़ाही में तेल गर्म करें।
- उसमें जीरा, सौंफ और हींग डालें।
- मसाले चटकने लगें तो पिसी हुई दाल डाल दें।
- धीमी आंच पर दाल को लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि वह चिपके नहीं।
- अब लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और गरम मसाला मिलाएं।
- जब दाल सूखी और हल्की क्रिस्पी हो जाए तो गैस बंद कर दें।
- अंत में हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाकर स्टफिंग ठंडी होने दें।
स्टेप 3: गुजिया आकार देना
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं।
- उन्हें पूरी की तरह बेल लें।
- बीच में 1–2 चम्मच स्टफिंग रखें।
- आधा मोड़कर किनारों को अच्छी तरह दबाएं।
- चाहें तो कांटे या चम्मच की मदद से डिजाइन बना सकते हैं।
स्टेप 4: गुजिया तलने का सही तरीका
- कड़ाही में तेल गर्म करें।
- मध्यम से धीमी आंच पर गुजिया तलें।
- गुजिया को गोल्डन ब्राउन होने तक तलें।
- धीमी आंच पर तलने से गुजिया ज्यादा कुरकुरी बनती हैं।
- तली हुई गुजिया को प्लेट में निकाल लें।
ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम नमकीन मूंग दाल गुजिया को इमली की चटनी या हरी धनिया-पुदीना चटनी के साथ परोसें। इस होली मीठे के साथ कुछ नमकीन भी ट्राई करें। मूंग दाल की यह क्रिस्पी गुजिया आपके त्योहार का स्वाद दोगुना कर देगी। एक बार बनाकर देखिए, मेहमान जरूर तारीफ करेंगे!