KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंध चुके हैं। तेलुगु रीति-रिवाजों से हुई इस शाही शादी के बाद अब दोनों पहली बार पब्लिक के सामने साथ नजर आए। उदयपुर से रवाना होते वक्त एयरपोर्ट पर कपल को स्पॉट किया गया, जहां फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
एयरपोर्ट पर हाथों में हाथ डाले दिखे न्यूलीवेड्स
एयरपोर्ट पर रश्मिका और विजय हाथों में हाथ डाले नजर आए। दोनों के चेहरे पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी। मीडिया के सामने उन्होंने मुस्कुराते हुए पोज दिए और पैपराजी को हाथ जोड़कर नमस्ते भी किया।
रश्मिका लाल रंग के अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उनके हाथों में लाल चूड़ियां और मांग में सिंदूर उनकी नई दुल्हन वाली छवि को और निखार रहे थे। वहीं विजय आइवरी और हल्के ब्लू शेड के कुर्ता-पायजामा में काफी हैंडसम दिखे।
शादी के लुक ने जीता दिल
बीती रात कपल ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जो तेजी से वायरल हो गईं। शादी के दिन रश्मिका ने गहरे भूरे रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें सोने की जरी का बारीक काम और मंदिर आर्ट की झलक दिखाई दे रही थी। उनके लुक में ‘पेल्ली कुथुरु’ की पारंपरिक छवि साफ नजर आ रही थी।
https://www.instagram.com/reels/DVQW0lTEk2O/
वहीं विजय ने हाथीदांत रंग की धोती और लाल अंगवस्त्रम पहनकर पारंपरिक अंदाज में सबका दिल जीत लिया।
मशहूर डिजाइनर के आउटफिट में सजे दूल्हा-दुल्हन
रश्मिका और विजय ने अपनी शादी के लिए मशहूर डिजाइनर अनामिका खन्ना के डिजाइन किए आउटफिट चुने थे। इन खास लुक्स को स्टाइलिस्ट अमी पटेल ने स्टाइल किया था।
रश्मिका की साड़ी में पारंपरिक और रॉयल टच का बेहतरीन मेल देखने को मिला, जिसने उनके ब्राइडल लुक को खास बना दिया। फैंस उनके इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।