Holi Special 2026: मावा के अलावा इन अनोखी फिलिंग्स से बनाएं 5 तरह की स्पेशल गुजिया, जानें बनाने की रेसिपी

KNEWS DESK- गुजिया या गुझिया… होली की पहचान कही जाने वाली यह पारंपरिक मिठाई हर घर में खास जगह रखती है। कई परिवारों में तो होली पूजन भी गुजिया के बिना अधूरा माना जाता है। आमतौर पर मावा की गुजिया बनाई जाती है, लेकिन इस बार आप अलग-अलग फ्लेवर की खास फिलिंग के साथ होली को और भी स्वादिष्ट बना सकते हैं। आइए जानते हैं 5 अनोखी और टेस्टी गुजिया फिलिंग की रेसिपी।

रवा-नारियल गुजिया

अगर आप मावा से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो रवा (सूजी) और नारियल की फिलिंग वाली गुजिया बेहतरीन विकल्प है।

ऐसे करें फिलिंग तैयार

  • कड़ाही में थोड़ा घी गर्म कर सूजी को हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
  • इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल मिलाएं।
  • मिठास के लिए चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करें।
  • इलायची पाउडर मिलाकर मिश्रण ठंडा होने दें।

यह फिलिंग स्वाद में मोदक जैसी लगती है और हेल्दी भी होती है।

चाशनी वाली केसर गुजिया (चंद्रकला)

होली पर शाही स्वाद के लिए चाशनी वाली गुजिया या चंद्रकला जरूर बनाएं।

फिलिंग सामग्री

  • 2 कप खोया
  • बारीक कटे काजू, बादाम, पिस्ता
  • थोड़ा सा बूरा
  • इलायची पाउडर
  • 15–20 केसर के धागे (गुनगुने दूध में भिगोए हुए)

बनाने का तरीका

  • सारी सामग्री को अच्छे से मिलाकर गुजिया भरें।
  • गुजिया तलने के बाद 1 या 2 तार की चाशनी तैयार करें।
  • गुजिया को कुछ मिनट चाशनी में डुबोकर निकाल लें।

यह गुजिया स्वाद में बेहद रिच और त्योहार के लिए परफेक्ट होती है।

चॉकलेट गुजिया

मॉर्डन ट्विस्ट के साथ होली को खास बनाना चाहते हैं तो चॉकलेट फिलिंग वाली गुजिया बनाएं।

फिलिंग सामग्री

  • खोया
  • चॉकलेट चिप्स या डार्क चॉकलेट
  • बादाम, काजू, चिरौंजी
  • 1 बड़ा चम्मच कोको पाउडर

सभी चीजों को मिलाकर फिलिंग तैयार करें और गुजिया में भरकर तल लें। यह चॉकलेटी गुजिया बच्चों और युवाओं को बेहद पसंद आएगी।

गुलकंद गुजिया

गुलकंद की गुजिया होली के लिए एक खास और सुगंधित विकल्प है।

ऐसे बनाएं

  • मावा या सूजी को हल्का भूनकर ठंडा कर लें।
  • 1 कप मावा में 2–3 बड़े चम्मच गुलकंद मिलाएं।
  • जरूरत लगे तो थोड़ा बूरा डाल सकते हैं।

आप चाहें तो मावा की जगह मिल्क पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। गुलकंद का फ्लेवर इसे बेहद खास बना देता है।

नमकीन गुजिया

अगर मीठे के साथ कुछ नमकीन भी परोसना चाहते हैं, तो नमकीन गुजिया बनाएं। यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होती।

फिलिंग तैयार करने का तरीका

  • कड़ाही में घी या तेल गर्म करें।
  • राई, दरदरी सौंफ, करी पत्ता और हींग डालकर भूनें।
  • बारीक सूजी डालकर हल्की आंच पर सुनहरा होने तक भूनें।
  • ठंडा होने पर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, सांभर मसाला और अमचूर मिलाएं।
  • चाहें तो डेसिकेटेड नारियल और दरदरी मूंगफली भी डाल सकते हैं।

यह नमकीन गुजिया चाय के साथ शानदार लगती है।

होली जैसे खास पर्व पर गुजिया का स्वाद हर घर में खुशियां घोल देता है। इस बार पारंपरिक मावा के अलावा इन अलग-अलग फ्लेवर की गुजिया बनाकर त्योहार में नया रंग भरें। मीठी हो या नमकीन, हर तरह की गुजिया आपकी होली को और भी यादगार बना देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *