डिजिटल डेस्क- दिल्ली के व्यस्त कारोबारी इलाके चांदनी चौक में बुधवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। किनारी बाजार की गली अनार वाली स्थित रिया गोल्ड ज्वैलर्स में बदमाशों ने दिनदहाड़े गनपॉइंट पर लूटपाट की और करीब 50 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घटना से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय दुकान पर सामान्य गतिविधि चल रही थी। कर्मचारी कुछ ग्राहकों को गहने दिखा रहे थे। इसी दौरान ग्राहक बनकर आए कुछ युवक अचानक से काउंटर के पास पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने सामान्य बातचीत की, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात बदल गए बदमाशों ने अचानक बंदूक निकाल ली और कर्मचारियों को गनपॉइंट पर ले लिया।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
कर्मचारियों के मुताबिक, बदमाशों ने सख्त लहजे में कहा, “जो भी गहने हैं, तुरंत बाहर निकालो।” अचानक हुए इस घटनाक्रम से कर्मचारी घबरा गए। जान का खतरा देखते हुए उन्होंने शोकेस में रखे गहने निकालकर बदमाशों के हवाले कर दिए। आरोप है कि करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बदमाश अपने साथ लेकर फरार हो गए। बदमाशों के निकलते ही डरे-सहमे कर्मचारी दुकान से बाहर आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की चांदनी चौक थाना टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का मानना- पहले की गई है रेकी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की हो सकती है। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। बाजार के कई व्यापारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। चांदनी चौक जैसा भीड़भाड़ वाला इलाका, जहां दिनभर हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं, वहां दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है।