डिजिटल डेस्क- राजस्थान के कोटा संभाग में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के चेचट टोल प्लाजा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और उज्जैन के महाकाल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार बुरी तरह पिचक गई थी, जिससे उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि कार काफी गति में थी और चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते वह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। चेचट थाना अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
परिवार वाले कोटा के लिए रवाना
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि चारों श्रद्धालु उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर कार से कानपुर लौट रहे थे। परिवारों को हादसे की सूचना दे दी गई है और वे कोटा के लिए रवाना हो गए हैं।