PM मोदी ने 12,930 करोड़ की परियोजनाएं देश को कीं समर्पित, नमो भारत RRTS और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का किया शुभारंभ

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करते हुए भारत के पहले नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) और संपूर्ण दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा औघड़नाथ की पावन धरती से विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की नई क्रांति को ऊर्जा मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहली बार है जब एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक साथ शुभारंभ हुआ है। यह विकसित भारत की आधुनिक कनेक्टिविटी की झलक है—शहर के भीतर मेट्रो और ट्विन सिटी विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेन का संचालन एक बड़ा कदम है। उन्होंने संतोष जताया कि यह महत्वपूर्ण परियोजना उत्तर प्रदेश में साकार हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की कार्य संस्कृति ऐसी है कि जिस परियोजना का शिलान्यास होता है, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए दिन-रात काम किया जाता है। अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती या भटकती नहीं हैं, बल्कि तय समयसीमा में धरातल पर उतरती हैं।

उन्होंने कहा कि पहले इस रूट पर शाम होते ही सन्नाटा और भय का माहौल होता था, लेकिन अब कानून व्यवस्था में सुधार के साथ लोगों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का माध्यम मिला है। नमो भारत रैपिड रेल को उन्होंने नारीशक्ति का प्रतीक भी बताया—ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोल जैसे कई अहम पदों पर बेटियां नेतृत्व कर रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है। उत्तर प्रदेश में मेरठ के अलावा कई शहरों में मेट्रो परियोजनाएं प्रगति पर हैं। बीते 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो सेवा पहुंची है, क्योंकि सरकार का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, आर्थिक गतिविधियों और शहरी विकास को नई रफ्तार देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *