यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए 33 ग्लोबल कंपनियों से मुलाकात करने आज सिंगापुर-जापान दौरे पर जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। 23 से 26 फरवरी तक प्रस्तावित इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश को भारत का अग्रणी मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना और विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक निवेश आकर्षित करना है। वर्ष 2017 में म्यांमार यात्रा के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा होगा। मुख्यमंत्री दो दिन सिंगापुर (23-24 फरवरी) और दो दिन जापान (25-26 फरवरी) में बिताएंगे। इस दौरान वे डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी, एग्रीबिजनेस, ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर और सप्लाई चेन जैसे अहम सेक्टरों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

25 सिंगापुर और 8 जापान की कंपनियों के साथ करेंगे बैठक

इस दौरे में मुख्यमंत्री 33 वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे, जिनमें 25 कंपनियां सिंगापुर और 8 जापान में हैं। इन बैठकों का उद्देश्य निवेश के अवसरों, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करना है। सिंगापुर में वे Google और ST टेलीमीडिया ग्लोबल डेटा सेंटर्स के प्रतिनिधियों से डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर चर्चा करेंगे। एग्रीबिजनेस निवेश के लिए जापफा ग्रुप और ओलम इंटरनेशनल से भी बातचीत तय है। लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर मैपलट्री इन्वेस्टमेंट्स और AI-SATS के साथ बैठक प्रस्तावित है, जबकि रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में EDPR सनसीप सहित अन्य कंपनियों से संभावनाएं तलाशेंगे। मुख्यमंत्री राज्य में पूंजी निवेश के अवसरों को लेकर टेमासेक होल्डिंग्स, GIC और ब्लैकस्टोन इंक. जैसे प्रमुख ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फंड्स से भी मुलाकात करेंगे।

ऑटोमोबाइल सेक्टर पर रहेगा विशेष फोकस

जापान दौरे के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश पर विशेष फोकस रहेगा। इसके तहत Suzuki Motor Corporation और कुबोटा कॉर्पोरेशन के साथ बैठकें तय हैं। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग के लिए टोक्यो इलेक्ट्रॉन से चर्चा होगी, जबकि Toshiba के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ग्रीन हाइड्रोजन, सप्लाई चेन डेवलपमेंट और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर भी उद्योग प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाना है। इन्वेस्टर मीटिंग्स के अलावा योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान में भारतीय समुदाय और छात्रों से भी मुलाकात करेंगे। वे उन्हें उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, बुनियादी ढांचे में हो रहे बदलाव और औद्योगिक नीतियों के बारे में जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *