KNEWS DESK – बॉलीवुड में बेबाक बयानों के लिए मशहूर दो नाम कंगना रनौत और तापसी पन्नू एक बार फिर चर्चा में हैं। कभी सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक के चलते सुर्खियों में रही ये दोनों एक्ट्रेसेस अब एक नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही हैं। सालों पुराने विवाद पर अब तापसी पन्नू ने खुलकर बात की है और साफ किया है कि वो इस पूरे मामले को “लड़ाई” नहीं मानतीं।
कैसे शुरू हुआ था विवाद?
कुछ साल पहले कंगना रनौत की बहन रंगोली रनौत ने तापसी पन्नू को कंगना की “सस्ती कॉपी” कह दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने तापसी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच तनातनी की खबरें खूब वायरल हुईं। हालांकि उस वक्त यह विवाद काफी चर्चा में रहा, लेकिन अब तापसी इस मुद्दे से आगे बढ़ने की बात कर रही हैं।
‘मैं कभी भिड़ी ही नहीं’
हाल ही में अपनी फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के दौरान एक पॉडकास्ट में तापसी से कंगना के साथ हुए विवाद को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने बेहद शांत अंदाज में जवाब दिया। तापसी ने कहा, “लड़ाई तब होती है जब दो लोग आपस में भिड़ते हैं। मैं कभी नहीं भिड़ी। मैंने उनके खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा।”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि अगर किसी ने उन्हें किसी की ‘कॉपी’ कहा तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं, खासकर तब जब सामने वाली एक प्रभावशाली और टैलेंटेड एक्ट्रेस हो।
रिश्ते सुधारने को तैयार
तापसी ने यह भी साफ किया कि वो पुरानी बातों को पीछे छोड़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर मौका मिला तो वो कंगना के साथ काम करने और दोस्ती करने के लिए भी तैयार हैं। तापसी ने दोनों को “आउटसाइडर” बताते हुए कहा कि शायद इंडस्ट्री में कुछ लोग नहीं चाहते कि दो मजबूत और बेहतरीन एक्ट्रेसेस साथ आएं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भविष्य में दोनों साथ नजर आ सकती हैं, तो तापसी ने कहा—“ऐसा बिल्कुल हो सकता है।” उन्होंने इस बात के संकेत दिए कि वह रिश्तों को बेहतर बनाने के लिए पहल करने से पीछे नहीं हटेंगी।