‘कल्कि 2’ में फिर साथ दिखेंगे प्रभास-अमिताभ? शूटिंग डेट फाइनल, साई पल्लवी की एंट्री पर बड़ा खुलासा!

KNEWS DESK – साल 2026 की शुरुआत भले ही प्रभास के लिए उम्मीदों के मुताबिक न रही हो, लेकिन अब उनकी सबसे बड़ी फिल्म को लेकर ऐसा अपडेट सामने आया है, जिसने फैन्स का एक्साइटमेंट फिर से सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। हाल ही में रिलीज हुई ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई, मगर अब सबकी नजरें उनकी मेगा प्रोजेक्ट फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल पर टिकी हैं।

प्रभास के पास इस वक्त कई बड़े प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी है। वह हनु राघवपुडी की फिल्म ‘फौजी’ पर काम कर रहे हैं, जबकि संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ भी उनके खाते में है। हालांकि इन फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर अभी साफ तस्वीर सामने नहीं आई है। ऐसे में फैन्स बेसब्री से ‘कल्कि 2898 AD पार्ट 2’ का इंतजार कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायरेक्टर नाग अश्विन ने ‘कल्कि 2’ की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है और अब फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली है। बताया जा रहा है कि 21 जनवरी से हैदराबाद के शंकरपल्ली में बने एक विशाल सेट पर सीक्वल की शूटिंग शुरू होगी। प्रभास ने भी इस शेड्यूल के लिए अपनी डेट्स फाइनल कर दी हैं और वह करीब 10 दिन तक फिल्म की शूटिंग करेंगे।

गौरतलब है कि ‘कल्कि 2898 AD’ साल 2024 में रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। फिल्म में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण नजर आई थीं। हालांकि अब खबर है कि दीपिका फिल्म के दूसरे भाग का हिस्सा नहीं होंगी। ऐसे में नई लीडिंग लेडी को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

रिपोर्ट्स की मानें तो साई पल्लवी का लुक टेस्ट भी किया गया है और जल्द ही मेकर्स नई एक्ट्रेस को लेकर आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। वहीं, अमिताभ बच्चन के भी हैदराबाद पहुंचने की खबर है। कहा जा रहा है कि सीक्वल में प्रभास और अमिताभ बच्चन के बीच कुछ अहम सीन फिल्माए जाएंगे, जो कहानी को नई दिशा देंगे।

एक तरफ प्रभास ‘फौजी’ और ‘स्पिरिट’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, तो दूसरी ओर ‘कल्कि 2’ की तैयारी भी जोरों पर है। ऐसे में आने वाला समय उनके फैन्स के लिए बेहद खास होने वाला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सीक्वल पहले पार्ट की तरह बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *