डिजिटल डेस्क- त्योहारों के इस सीजन में जहां एक ओर खुशियां होती हैं, वहीं दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों को अपने घरों को लौटने के दौरान सफर की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेन का सफर सस्ता और सुगम होने के कारण लाखों लोग त्योहार के समय रेलवे का सहारा लेते हैं, लेकिन टिकट कन्फर्म न होने की समस्या अक्सर उनकी मुश्किलें बढ़ा देती है। यात्रियों की इसी परेशानी को दूर करने के लिए रेलवे ने होली से पहले ही कमर कस ली है। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र सहित विभिन्न स्टेशनों से देश के अलग-अलग राज्यों के लिए 21 होली स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि इससे यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिलेगी और वे अपने घरों तक सुरक्षित और आराम से पहुंच पाएंगे।
रेलवे ने जारी किया कार्यक्रम
रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 08439 को पुरी से पटना के बीच 28 फरवरी से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को चलाया जाएगा, जबकि इसकी वापसी याता में ट्रेन संख्या 08440 को पटना से पुरी के लिए 1 मार्च से 29 मार्च तक हर रविवार को संचालित किया जाएगा। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 08861 को गोदिया से पटना के लिए 2 मार्च को और ट्रेन संख्या 08862 को पटना से गोंदिया के लिए 3 मार्च को रवाना किया जाएगा।
पटना से नई दिल्ली के बीच प्रतिदिन चलेगी ट्रेन
दिल्ली और एनसीआर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 03293 पटना से नई दिल्ली के बीच 5 मार्च से प्रतिदिन चलेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 03294 नई दिल्ली से पटना के लिए 6 मार्च से प्रतिदिन संचालित होगी। दक्षिण भारत की ओर जाने वालों के लिए ट्रेन संख्या 03253 पटना से चर्लापल्ली के बीच 9 मार्च से हर सोमवार और बुधवार को, ट्रेन संख्या 03254 चर्लापल्ली से पटना के बीच 11 मार्च से हर बुधवार को और ट्रेन संख्या 03255 को 13 मार्च से हर शुक्रवार को चलाया जाएगा। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 02397 को शेखपुरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच 8 मार्च से हर रविवार और ट्रेन संख्या 02398 को आनंद विहार से शेखपुरा के बीच 9 मार्च से हर सोमवार को चलाया जाएगा।
इन स्टेशनों पर की गई विशेष व्यवस्था
दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मंडल के प्रमुख स्टेशनों जैसे दिलदारनगर, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, पाटलिपुत्र, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, किऊल और झाझा इत्यादि पर विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग स्टाफ, रेल सुरक्षा बल (RPF) सहित अन्य सभी विभागों के पर्यवेक्षकों को तैनात किया जाएगा। इस कदम से त्योहारी सीजन में यात्रियों को टिकटों की किल्लत से निजात मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के अपने परिवारों के साथ त्योहार मना सकेंगे।