सुप्रीम कोर्ट ने एल्विश यादव को फटकारा, स्नेक वेनम मामले में कहा- “जो मन में आए वो नहीं कर सकते”

KNEWS DESK – ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। इस बार वजह है स्नेक वेनम (सांप के जहर) केस, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। बुधवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने मामले की सुनवाई की।

एल्विश यादव ने इस मामले में दर्ज चार्जशीट और क्रिमिनल कार्रवाई को चुनौती दी थी, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि “आप जो मन में आए वो नहीं कर सकते।” कोर्ट ने यूट्यूबर को समझाया कि मशहूर लोग समाज में उदाहरण बनते हैं और उनके व्यवहार का असर आम जनता पर पड़ता है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत इस मामले की जांच की जाएगी।

साल 2023 में इसी केस को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एल्विश को चेतावनी दी थी कि अगर बेजुबान जानवरों का उपयोग मनोरंजन के लिए किया गया तो यह समाज में गलत संदेश जाएगा। कोर्ट ने एल्विश से सवाल किया कि क्या उन्होंने सांपों के साथ खेला या किसी रेव पार्टी में उनका इस्तेमाल किया। कोर्ट ने कहा कि किसी चिड़ियाघर में भी ऐसे काम करना अपराध होगा।

एल्विश यादव के वकील मुक्ता गुप्ता ने कोर्ट में दावा किया कि यूट्यूबर रेव पार्टी में केवल मेहमान थे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के दौरान कोई अवैध गतिविधि का सबूत नहीं मिला और मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया कि जांचे गए नौ सांप जहरीले नहीं थे। कोर्ट ने वकील से यह भी पूछताछ की कि रेव पार्टियों में सांप के जहर का उपयोग कैसे किया जाता है।

इस मामले में अगली सुनवाई 19 मार्च, 2026 को निर्धारित की गई है।

स्नेक वेनम केस की पृष्ठभूमि

3 नवंबर, 2023 को नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव और पांच अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। कथित तौर पर पुलिस को रेव पार्टी की सूचना मिली थी, जिसमें नौ जहरीले सांप पाए गए। कहा गया कि पार्टी में सांप का जहर अवैध तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था। यह मामला भाजपा सांसद मेनका गांधी के एनजीओ द्वारा उठाया गया था।

काम की बात करें तो एल्विश यादव इन दिनों ‘लाफ्टर शेफ्स 2’ और ‘इंगेज्ड 2’ में भी नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *