डिजिटल डेस्क- मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को जान से मारने की धमकी और फिरौती मांगने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात सदस्य हरिचंद्र उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है, ताकि वह भारत लौटने की कोशिश करे तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जा सके। मुंबई पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा।
रणवीर सिंह को मिला था धमकी भरा वॉइस नोट
यह मामला तब सामने आया था, जब रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमनियन को एक धमकी भरा वॉइस नोट मिला। इस नोट में भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया और 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। इस धमकी के बाद मुंबई साइबर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वॉइस नोट की पड़ताल के लिए पुलिस ने इसे पंजाब और हरियाणा पुलिस को भेजा, जहां फॉरेंसिक जांच में यह पुष्टि हुई कि आवाज हैरी बॉक्सर की ही है। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, वॉट्सऐप नंबर की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए पुलिस ने अमेरिकी अधिकारियों से भी संपर्क साधा है।
हैरी बॉक्सर पहले करता था पुलिस भर्ती की तैयारी
जांच में खुलासा हुआ है कि हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद है। दिलचस्प बात यह है कि एक समय वह पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसके पिता गिरधारी जाट एक किसान हैं। हरिचंद ने जयपुर में बॉक्सिंग सीखी थी, जिस कारण उसे ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम से जाना जाने लगा। हालांकि, बाद में वह अपराध की दुनिया में कदम रखा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया। वर्तमान में वह अमेरिका में छिपा हुआ है।
कई मामलों में आ चुका है नाम
पुलिस के अनुसार, हैरी बॉक्सर ने साल 2024 में ‘डंकी’ रूट यानी अवैध तरीके से अमेरिका में प्रवेश किया था। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के बीच दूरियां बढ़ने के बाद लॉरेंस ने अमेरिका में अपने गैंग के ऑपरेशंस को बढ़ाने के लिए हैरी को तैनात किया। हैरी का नाम कई बड़े मामलों में सामने आ चुका है। यही वह शख्स है जिसने कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर गोलीबारी कराई थी। इसके अलावा, हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की साजिश रचने और धमकी देने का प्लान भी हैरी के निर्देश पर ही हुआ था। रोहित शेट्टी केस में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शुभम लोनकर जैसे अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।