डिजिटल डेस्क- तेलंगाना की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी और पूर्व सांसद के. कविता ने संकेत दिया है कि वह अगले तीन महीनों के भीतर अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगी। हैदराबाद में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कविता ने बताया कि प्रस्तावित पार्टी का औपचारिक ऐलान इस साल मई में किया जा सकता है। कविता फिलहाल ‘तेलंगाना जागृति’ संगठन की प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नई पार्टी पूरी तरह तेलंगाना और राज्य के हितों से जुड़ी होगी। पार्टी का नाम भी राज्य की पहचान और आत्मसम्मान को दर्शाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी अभी से राज्य में “मुख्य विपक्ष” की भूमिका निभा रही है और सत्ताधारी कांग्रेस, भारत राष्ट्र समिति (BRS) तथा भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखे सवाल उठाएगी।
ZPTC चुनाव में उतरेगी नई पार्टी
नई पार्टी के चुनावी एजेंडे पर बोलते हुए कविता ने स्पष्ट किया कि उनका दल जिला परिषद टेरिटोरियल कॉन्स्टिट्यूएंसी (ZPTC) चुनावों में हिस्सा लेगा। उन्होंने कहा कि जब भी ये चुनाव आयोजित किए जाएंगे, उनकी पार्टी सक्रिय रूप से भागीदारी करेगी। जरूरत पड़ने पर वह किसी अन्य दल के साथ गठबंधन की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहीं। कविता ने यह भी कहा कि हैदराबाद में होने वाले आगामी निकाय चुनावों के लिए उनकी प्रस्तावित पार्टी को चुनाव चिन्ह मिल सकता है। उन्होंने यह दावा भी किया कि तेलंगाना में बीजेपी का प्रभाव धीरे-धीरे घट रहा है और आने वाले समय में वह और कमजोर हो सकती है।
BRS में संभावित टूट का दावा
कविता ने यह भी दावा किया कि BRS के कई नेता और कार्यकर्ता उनके संपर्क में हैं और नई पार्टी में शामिल होने में रुचि दिखा रहे हैं। गौरतलब है कि सितंबर 2024 में उन्हें BRS से निलंबित कर दिया गया था। उस समय उन्होंने अपने चचेरे भाई टी. हरीश राव और जे. संतोष कुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने कालेश्वरम लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट के मुद्दे पर उनके पिता की छवि को नुकसान पहुंचाया। पार्टी से निलंबन के बाद कविता ने ‘तेलंगाना जागृति’ नामक सांस्कृतिक संगठन के जरिए सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर अपनी सक्रियता जारी रखी। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने ऐलान किया था कि उनका राजनीतिक मंच अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगा।