टी20 वर्ल्ड कप 2026: अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म पर गावस्कर की सलाह, कोच ने जताया भरोसा

KNEWS DESK- T 20 World Cup 2026 में भारतीय सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। 25 वर्षीय बल्लेबाज तीन मुकाबलों में खाता तक नहीं खोल पाए हैं, जिससे टीम प्रबंधन और फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है।

अभिषेक की खराब शुरुआत यूएसए के खिलाफ गोल्डन डक से हुई। इसके बाद वह पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। तीनों बार वह पहले ओवर में ही आउट हुए, जिससे टीम को शुरुआती झटका लगा।

भारत के पूर्व कप्तान Sunil Gavaskar ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर कहा कि अभिषेक पर उम्मीदों का दबाव साफ नजर आ रहा है। उन्होंने सलाह दी कि युवा बल्लेबाज को शुरुआत में बड़े शॉट खेलने के बजाय अपनी पारी को संवारने पर ध्यान देना चाहिए।

गावस्कर ने कहा, “एक सिंगल लेकर शुरुआत करो। चार डॉट गेंदें भी मायने नहीं रखतीं। बड़े शॉट स्वाभाविक रूप से आएं तो ठीक है, लेकिन खुद को मजबूर मत करो। सबसे पहले क्रीज पर समय बिताओ और पहला रन बनाओ, उसके बाद खेल आसान हो जाएगा।”

हालांकि खराब फॉर्म के बावजूद टीम मैनेजमेंट अभिषेक के साथ खड़ा है। भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच Ryan ten Doeschate ने उनकी वापसी की क्षमता पर भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि अभिषेक ने हाल ही में नेट्स में करीब 90 मिनट तक बल्लेबाजी की और उनकी टाइमिंग व स्ट्राइकिंग सकारात्मक संकेत दे रही है।

कोच के अनुसार, ग्रुप फेज में वह पूरी तरह सहज नहीं थे और कुछ दिन अस्पताल में रहने के कारण नामीबिया के खिलाफ मैच भी नहीं खेल सके। फिर भी टीम को भरोसा है कि दूसरे चरण में वह बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

भारतीय टीम के लिए सुपर-8 और नॉकआउट चरण बेहद अहम होंगे। ऐसे में ओपनिंग जोड़ी से मजबूत शुरुआत की उम्मीद रहेगी। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अभिषेक शर्मा आलोचनाओं का जवाब बल्ले से दे पाएंगे और बड़े मंच पर वापसी कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *