महाराष्ट्र: लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी से हड़कंप, अकोला में बीजेपी नेता से 2 करोड़ की रंगदारी की मांग

KNEWS DESK- महाराष्ट्र के अकोला जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सिग्नल ऐप के जरिए बीजेपी नेता को दो करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अकोट विधानसभा क्षेत्र से जुड़े बीजेपी विधायक प्रकाश भारसाकळे से दो करोड़ रुपये वसूलने की धमकी बीजेपी के शहर अध्यक्ष जयंत टावरी को दी गई। बताया जा रहा है कि करीब तीन-चार दिन पहले एक मैसेजिंग ऐप के माध्यम से कॉल कर यह धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा शुभम लोणकर बताया।

धमकी के बाद जयंत टावरी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, अकोला पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जानकारी साझा करने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शुभम लोणकर का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है। वह अकोला जिले के अकोट तालुका के नेवोरी गांव का निवासी बताया जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर अवैध हथियार तस्करी के आरोप लगे हैं और पूर्व में उसके पास से तीन पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।

लोणकर को लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई का करीबी माना जाता है। वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस के पास कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और शुभम लोणकर के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद होने की बात कही जा रही है।

शुभम लोणकर ने पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इसके अलावा फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी। हालांकि इन दावों की जांच अलग-अलग एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *