‘राजनीति नहीं कर पाऊंगा’… खेसारी लाल यादव ने थामी सिर्फ कलाकार की राह

KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि राजनीति को लेकर दिया गया बयान है। हाल ही में उनके एक इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद अटकलें लगने लगीं कि क्या खेसारी राजनीति से दूरी बना रहे हैं या किसी पार्टी में शामिल होने वाले हैं।

राजनीति पर खेसारी का साफ रुख

बीते बिहार चुनाव के दौरान खेसारी लाल यादव ने खुलकर बयानबाजी की थी। उस समय वह इंडस्ट्री के कई बड़े नामों के निशाने पर भी आ गए थे। अब जब उनका नया बयान सामने आया तो चर्चा तेज हो गई कि क्या वह राजनीति से संन्यास ले रहे हैं या फिर किसी नई पार्टी में शामिल होने की तैयारी है।

बीजेपी ज्वॉइन करने की अटकलों पर खेसारी ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। उनका कहना है कि राजनीति उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं है, क्योंकि वहां सच बोलकर काम करना आसान नहीं होता।

खेसारी ने कहा, “मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। राजनीति में झूठ बोलना पड़ता है और मैं सच बोलने वाला इंसान हूं। वहां मेरे जैसे लोगों की जगह नहीं है।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें लगा कि वहां सच्चाई की कद्र नहीं है। इसलिए अब वह पूरी तरह अपने संगीत और अभिनय पर ध्यान देना चाहते हैं।

बीजेपी में शामिल होने की चर्चा क्यों?

हाल के दिनों में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकारों के राजनीतिक रुख को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मनोज तिवारी के बयान के बाद रितेश पांडे द्वारा जनसुराज छोड़ने की खबरों ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। इसी कड़ी में खेसारी लाल का नाम भी जोड़ा जाने लगा। लेकिन अब खुद खेसारी ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है।

पवन सिंह के तलाक पर साधी चुप्पी

इसी बातचीत के दौरान जब उनसे पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक को लेकर सवाल पूछा गया तो खेसारी ने बेहद संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से उनका निजी मामला है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

खेसारी ने भावुक होते हुए कहा कि जब उन्होंने पहले किसी पारिवारिक मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी थी तो उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी खुद की बेटी है, इसलिए वह ऐसे संवेदनशील मामलों पर बोलने से बचना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *