KNEWS DESK- ICC Men’s T20 World Cup 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने एक और दमदार जीत दर्ज करते हुए नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया। Narendra Modi Stadium में खेले गए इस रोमांचक मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 193 रन बनाए, जिसके जवाब में डच टीम 176 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संतुलित रही। कप्तान Suryakumar Yadav ने 34 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि Tilak Varma ने भी अहम योगदान दिया। हालांकि मैच का असली आकर्षण रहे Shivam Dube, जिन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 66 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में दुबे ने 4 चौके और 6 छक्के जड़े और रन गति को अंतिम ओवरों में तेज कर दिया।
मिडिल ऑर्डर में Hardik Pandya ने 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 190 के पार पहुंचाने में मदद की।
194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की शुरुआत धीमी रही। शुरुआती 8 ओवरों में रन गति करीब 6 प्रति ओवर ही रही। इसके बाद Colin Ackermann और Bas de Leede ने 49 रनों की तेज साझेदारी कर मुकाबले में जान फूंकी। एकरमैन ने 23 और डी लीडे ने 33 रन बनाए।
15.5 ओवर में स्कोर 125/6 होने के बाद मुकाबला लगभग भारत की झोली में जाता दिख रहा था। लेकिन Jack Lyon और Noah Croes ने महज 23 गेंदों में 47 रन जोड़कर मैच को रोमांचक बना दिया। आखिरी दो ओवर में 46 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर में 18 रन आने के बाद समीकरण अंतिम ओवर में 28 रन का रह गया।
आखिरी ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी दुबे ने संभाली और उन्होंने केवल 10 रन देकर एक विकेट लिया, जिससे भारत ने मुकाबला 17 रनों से अपने नाम कर लिया।
यह भारत की टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत है और टीम अब तक अजेय बनी हुई है। ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब टीम इंडिया 22 फरवरी को सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। भारतीय टीम का आत्मविश्वास इस जीत के बाद और भी ऊंचा हो गया है।