डिजिटल डेस्क- लंबे समय से चल रहे चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद रहे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद उन्हें जमानत दे दी गई, जिसके बाद मंगलवार 17 फरवरी की शाम को उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे उन्हें तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। इससे पहले गुरुवार को हुई सुनवाई में अदालत ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था। अभिनेता ने अपनी भतीजी की 19 फरवरी को शाहजहांपुर में होने वाली शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत की अपील की थी, लेकिन उस समय कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। हालांकि, सोमवार 16 फरवरी को हुई अगली सुनवाई में परिस्थितियों पर विचार करते हुए अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।
क्या है पूरा मामला?
मामला साल 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता-पता लापता’ के निर्माण के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिसके चलते भुगतान में देरी हुई और कई चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उनके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) की धारा 138 के तहत मामला दर्ज किया गया। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें कई बार बकाया भुगतान करने के अवसर दिए, लेकिन बार-बार भुगतान न होने पर अदालत ने सख्ती दिखाई। 4 फरवरी को कोर्ट ने उन्हें आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था, जिसके बाद वे तिहाड़ जेल में बंद थे।
जेल से बाहर आते ही बोले राजपाल
जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में भावुक अंदाज में कहा, “मैं 2027 में मुंबई में बॉलीवुड में अपने 30 साल पूरे कर लूंगा। देश के बच्चे, बुजुर्ग और जवान, सभी का मुझे प्यार मिला है। पूरे देश और दुनिया से जो स्नेह मिला है, उसके लिए मैं आभारी हूं। अगर मेरे खिलाफ कोई आरोप हैं तो मैं उनका जवाब देने के लिए तैयार हूं। धन्यवाद, हाई कोर्ट।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी फैंस की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने उनकी वापसी पर खुशी जताई है।
आगे क्या?
कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। अदालत ने उन्हें शर्तों के साथ जमानत दी है और मामले की अगली सुनवाई तय समय पर होगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या राजपाल यादव बकाया राशि के निपटारे की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं या नहीं। फिलहाल, परिवार में राहत का माहौल है क्योंकि वे अपनी भतीजी की शादी में शामिल हो सकेंगे। वहीं फिल्म इंडस्ट्री में भी उनके समर्थक इस फैसले को बड़ी राहत मान रहे हैं।