मुजफ्फरनगरः प्रेमी से बात करने पर फूटा कलयुगी बुआ का गुस्सा, तीन साल की मासूम भतीजी को पानी में डूबाकर मार डाला

डिजिटल डेस्क- यूपी के मुजफ्फरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी कलां गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रेमी से बात करने से रोकने पर एक युवती ने अपनी ही भाभी पर चाकू से हमला कर दिया और तीन साल की मासूम भतीजी की हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, बसी कलां निवासी फिरदौस (35) अपने चार बच्चों शाद (10), आयशा (8), नबिया (7) और इसरा (3) के साथ रहती थी। उसका पति इमरान (37) लखनऊ में कपड़ों का कारोबार करता है और अधिकतर समय वहीं रहता है। घर में उसके साथ उसकी ननद माना भी रह रही थी। आरोप है कि माना का किसी युवक से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर घर में तनाव रहता था। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और माना ने खौफनाक साजिश रच डाली।

खाने में मिलाई नींद की गोलियां

बताया जा रहा है कि सोमवार रात माना ने घर में मीट बनाया। आरोप है कि उसने खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया, लेकिन माना ने खुद भोजन नहीं किया। योजना के तहत वह अपने कमरे में चली गई और देर रात का इंतजार करने लगी। करीब रात एक बजे, जब सभी गहरी नींद में थे, माना अपने कमरे से निकलकर भाभी के कमरे में पहुंची। आरोप है कि उसने सबसे पहले तीन साल की मासूम इसरा को उठाया और बाहर ले गई। वहां उसका गला दबाया और फिर पानी की टंकी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी।

भाभी पर जानलेवा हमला

इसके बाद माना वापस कमरे में आई और सो रही फिरदौस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उसने पेट पर तीन वार किए, जिससे फिरदौस गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले में उसकी हालत नाजुक हो गई और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। आरोप है कि माना ने इसके बाद अन्य तीन भतीजियों पर भी चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिससे वे घायल हो गईं। बच्चियों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी

हमले के दौरान शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और बच्चियों को सुरक्षित किया। तीन साल की बच्ची इसरा को मृत घोषित कर दिया गया। शाहपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ननद माना को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *