डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक युवक को पकड़ा, जो हिंदू प्रतीक चिन्ह पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहा था। युवक के गले में तुलसी की माला, माथे पर तिलक और शरीर पर भगवा वस्त्र थे। हैरानी की बात यह रही कि वह विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के साथ ही मंगलनाथ मंदिर में भी घूमता रहा। बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ कुशवाह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यह युवक होटल में ठहरना चाहता है, लेकिन उसने अपनी आईडी की बजाय एक लड़की के दस्तावेज से कमरा बुक कराया। नानाखेड़ा क्षेत्र में पहुंची टीम ने युवक को पकड़ा, और उसकी वेशभूषा देखकर सभी के होश उड़ गए। जांच में सामने आया कि युवक मुस्लिम था और अपनी पहचान छुपाने के लिए हिंदू वेश धारण कर रहा था।
पूछने पर बताया हिंदू नाम, आधार कार्ड में जाफर नाम दर्ज
युवक ने अपना नाम पहले हिंदू बताया, लेकिन जब उसकी जेब से दस्तावेज निकाले गए, तो असली नाम जाफर सामने आया। बताया जा रहा है कि जाफर दिल्ली से एक लड़की को लेकर उज्जैन आया था। अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने मंदिरों में भगवा पहनकर घूमने और लड़की के दस्तावेज से होटल में कमरा बुक करने जैसी चालाकी की। पूछताछ में जाफर ने बताया कि उसने महाशिवरात्रि पर्व के दौरान दिनभर महाकालेश्वर मंदिर और मंगलनाथ मंदिर घूमते हुए समय बिताया और शाम को होटल पहुंचा। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ने के लिए आवाज लगाई। जाफर ने गलती से अपना असली नाम बोल दिया, जिससे उसकी पहचान तुरंत सामने आ गई।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ते समय कुछ मारपीट भी की। इसके बाद उसे तत्काल नानाखेड़ा थाना ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसे अपने सुपुर्द लिया। थाने में जाफर के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी स्थानीय लोग भी इस मामले को लेकर चिंतित हैं। कुछ का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाओं से समाज में असंतोष फैल सकता है। वहीं कई लोगों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन से त्वरित और न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की है।