KNEWS DESK – फिल्ममेकर Anurag Kashyap एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। बेहतर सिनेमा की वकालत करने वाले अनुराग ने हाल ही में मलयालम फिल्मों की जमकर तारीफ की और साल 2025 की तीन ऐसी फिल्मों का जिक्र किया, जिन्होंने उन्हें खासा प्रभावित किया।
उन्होंने Mohanlal की फिल्म थुडारम, Mammootty स्टारर रेखाचित्रम और संदीप प्रदीप की फिल्म एको को साल की बेहतरीन फिल्मों में गिना।
मलयालम सिनेमा की क्यों की तारीफ?
एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने कहा कि मलयालम सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत वहां का पढ़ा-लिखा और सिनेमा-प्रेमी दर्शक वर्ग है। उनके मुताबिक, केरल में फिल्म क्लब्स की मजबूत संस्कृति है, जहां फिल्ममेकर्स एक-दूसरे को सपोर्ट करते हैं और कंटेंट को प्राथमिकता दी जाती है।
उन्होंने कहा कि वहां फिल्में बिना किसी हिचकिचाहट के बनाई जाती हैं और कलाकार किरदार में पूरी तरह डूब जाते हैं। खासतौर पर ‘रेखाचित्रम’ में मामूट्टी के काम को उन्होंने बेहद बारीक और प्रभावशाली बताया।मोहनलाल की फिल्म थुडारम पर बात करते हुए अनुराग ने कहा कि फिल्म बेहद वास्तविक लगती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर बॉलीवुड में किसी हीरो को लुंगी पहनकर टैक्सी ड्राइवर का किरदार निभाने को कहा जाए तो शायद वह हिचकिचाए, लेकिन मलयालम सिनेमा में किरदार ही असली स्टार होता है।
वहीं ‘एको’ के क्लाइमेक्स की भी उन्होंने जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि फिल्म में मुख्य किरदार मेघालय के एक स्कूल टीचर का है और फिल्म बिना किसी बड़े स्टार के सिर्फ ‘वर्ड ऑफ माउथ’ से सफल हुई।
बॉक्स ऑफिस पर भी दिखा दम
‘थुडारम’ 2025 की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही। क्राइम थ्रिलर जॉनर की इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 240 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
वहीं ‘रेखाचित्रम’ ने लगभग 60 करोड़ रुपये की कमाई कर हिट का दर्जा हासिल किया। दूसरी ओर, छोटे बजट में बनी ‘एको’ भी दर्शकों को खूब पसंद आई और यह साबित किया कि मजबूत कहानी और दमदार कंटेंट ही असली ताकत है।