वैशालीः BDO ने सरकारी गाड़ी में मामूली टक्कर पर युवक पर बरसाए थप्पड़, वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क- बिहार के वैशाली जिले के महनार में तैनात एक बीडीओ का कथित थप्पड़बाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सड़क किनारे हुए इस विवाद का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। घटना में एक मामूली सड़क टच को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसका पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। जानकारी के अनुसार, बीडीओ की सरकारी गाड़ी को एक कार ने हल्का सा टच कर दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर बेहद मामूली थी और वाहन को कोई खास नुकसान भी नहीं हुआ था। लेकिन इसी छोटी सी बात पर विवाद भड़क उठा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अधिकारी गाड़ी से उतरते ही युवक पर भड़क गए और तीखी बहस शुरू हो गई।

युवक को पड़ते रहे थप्पड़, तमाशबीन बने रहे लोग

वायरल वीडियो में कथित तौर पर अधिकारी युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। सड़क पर भीड़ जमा है, लेकिन ज्यादातर लोग तमाशबीन बने दिखाई देते हैं। कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते भी दिखते हैं, हालांकि माहौल तनावपूर्ण बना रहता है। वीडियो में यह भी दिखता है कि युवक घबराया हुआ है और खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। सबसे भावुक और चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आता है जब युवक अधिकारी के पैर पकड़ लेता है। वह माफी मांगता है और छोड़ देने की गुहार लगाता है। उसकी आवाज कांपती हुई सुनाई देती है, लेकिन अधिकारी का गुस्सा कम होता नहीं दिखता। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

बीडीओ पर कार्रवाई की मांग कर रहे लोग

घटना के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या एक सरकारी अधिकारी को सड़क पर इस तरह कानून हाथ में लेने का अधिकार है? कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से इस पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि हाल ही में बिहार के अररिया में भी एक एडीएम द्वारा जांच के दौरान एक डॉक्टर को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ था। उस घटना के विरोध में जिले के निजी डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई थीं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। प्रशासन और पेशेवर समुदाय के बीच टकराव की वह घटना भी काफी चर्चा में रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *