IND vs PAK: 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान में हंगामा, फैंस ने गुस्से में तोड़े टीवी और बरसाए जूते

KNEWS DESK – कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के हाथों 61 रन से मिली एकतरफा हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने ही देश में तीखी आलोचना का सामना कर रही है। मैच खत्म होते ही पड़ोसी मुल्क में गुस्से का माहौल बन गया। सोशल मीडिया से लेकर टीवी डिबेट तक हर जगह टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

लाइव मैच के दौरान टूटा टीवी, फैंस ने उतारा गुस्सा

हार के तुरंत बाद एक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें पाकिस्तानी फैंस लाइव मैच के दौरान टीवी सेट तोड़ते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक रिपोर्टर जब दर्शकों से मैच पर प्रतिक्रिया ले रहा था, तभी टीम की हार पक्की हो गई। इसी बीच एक नाराज फैन ने ईंट मारकर टीवी फोड़ दिया। इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद रिपोर्टर ने भी गुस्से में टीवी पर जूता मार दिया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से मिली हार के बाद भी इसी तरह का आक्रोश देखने को मिला था। लगातार निराशाजनक प्रदर्शन से फैंस का सब्र जवाब देता दिख रहा है।

Mohammad Yousuf का तीखा बयान

पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने मौजूदा समय को पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास का सबसे खराब दौर बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब तक पाकिस्तान क्रिकेट से राजनीतिक प्रभाव और निजी हितों को दूर नहीं किया जाएगा, तब तक टीम पुरानी मजबूती हासिल नहीं कर पाएगी।

यूसुफ ने टीम में बड़े बदलाव की मांग करते हुए कहा कि जिन लोगों का प्रदर्शन लगातार गिर रहा है, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने साफ तौर पर Shaheen Afridi, Babar Azam और Shadab Khan को टीम से हटाने की वकालत की और कहा कि अब नए खिलाड़ियों को मौका देने का समय आ गया है।

Mohammad Hafeez बोले

पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने भी पाकिस्तानी मीडिया में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत का क्रिकेट ढांचा और प्रतिभा पूल पाकिस्तान से काफी आगे निकल चुका है। उनके मुताबिक, भारत के पास मजबूत घरेलू संरचना और युवा टैलेंट की भरमार है, जिसकी वजह से ऐसे नतीजे सामने आ रहे हैं।

लगातार हार और अंदरूनी खींचतान के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। पूर्व खिलाड़ी खुलकर चयन प्रक्रिया और प्रबंधन पर उंगली उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *