डिजिटल डेस्क- पंजाब में नशे के खिलाफ जारी ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत मोगा में राज्य सरकार ने बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब कैबिनेट के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और गांव-गांव में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। हाल ही में तबीयत बिगड़ने के कारण वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों बीजेपी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि जब भी वह अस्पताल जाते हैं तो विरोधी अनर्गल बयानबाजी शुरू कर देते हैं, लेकिन उनकी सरकार नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
विपक्ष पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए अकाली दल के एक वरिष्ठ नेता पर भी हमला बोला और कहा कि अदालत से जमानत मिल सकती है, लेकिन ऊपर वाले से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान पंजाब में नशे का जाल फैला और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला गया। सीएम मान ने लोगों को नशा मुक्त पंजाब बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे न स्वयं नशा करेंगे और न ही नशे के कारोबार को बढ़ावा देंगे, बल्कि अपने गांव और वार्ड को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
खेल और रोजगार से जोड़ने का वादा
अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार हर गांव में खेल के मैदान बनाएगी और युवाओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि जो युवा नशा छोड़ेंगे, उन्हें खेल गतिविधियों और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। केजरीवाल ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार अब तक 60 हजार सरकारी नौकरियां दे चुकी है और आगे भी रोजगार सृजन पर जोर रहेगा।
नशा तस्करों पर सख्ती
केजरीवाल ने कहा कि पहली बार पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों के नाम लेने से पहले डर लगता था, उन पर भी कार्रवाई की गई है। अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाए गए और बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। उन्होंने बताया कि अब हर वार्ड और गांव में कमेटियां बनाई जा रही हैं, जिनमें स्थानीय लोगों को शामिल किया जा रहा है। विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों के मोबाइल में एक विशेष ऐप डाउनलोड कराया जा रहा है, जिसके जरिए गुप्त रूप से नशा तस्करी की जानकारी दी जा सकेगी।