भोजपुरी में अश्लीलता पर भड़के पवन सिंह, कहा – ‘लॉलीपॉप’ अश्लील तो ‘मुन्नी बदनाम’ क्या है?

KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ Pawan Singh एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपनी फिल्मों और सुपरहिट गानों के लिए मशहूर पवन सिंह जहां प्रोफेशनल लाइफ में कामयाब रहे हैं, वहीं उनकी निजी जिंदगी और बयानों को लेकर विवाद अक्सर चर्चा में रहते हैं।

हाल ही में लखनऊ में आयोजित ‘आज तक साहित्य’ कार्यक्रम में पहुंचे पवन सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री में अश्लीलता के सवाल पर खुलकर जवाब दिया, और इस बार उन्होंने हिंदी सिनेमा पर ही पलटवार कर दिया।

“हर मंच पर यही सवाल क्यों?”

कार्यक्रम के दौरान जब पवन सिंह से भोजपुरी गानों में अश्लीलता और खास तौर पर उनके चर्चित गाने ‘लॉलीपॉप लागेलु’ को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि सिर्फ भोजपुरी को निशाना बनाना गलत है। पवन ने हिंदी फिल्मों के गानों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया “ये क्या है ‘मुन्नी बदनाम हुई डार्लिंग तेरे लिए’, ‘चोली के पीछे क्या है’, ‘छत पर सोया था बहनोई’… अगर देखा जाए तो अच्छाई-बुराई हर इंडस्ट्री में है। फिर सिर्फ भोजपुरी पर ही सवाल क्यों उठते हैं?”

उनका कहना था कि हर मंच पर भोजपुरी में अश्लीलता का मुद्दा उठाया जाता है, जबकि दूसरी इंडस्ट्री में ऐसे गीतों पर उतनी चर्चा नहीं होती।

“आदमी कितनी बार जवाब देगा?”

पवन सिंह ने आगे कहा कि किसी भी इंडस्ट्री में पूरी तरह सब कुछ ‘साफ-सुथरा’ नहीं होता। “मैंने शायद ही देखा है कि किसी और इंडस्ट्री से बार-बार यही सवाल पूछा जाता हो। लेकिन भोजपुरी का नाम आते ही अश्लीलता का मुद्दा सामने आ जाता है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

निजी जिंदगी भी चर्चा में

बता दें कि पवन सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खबरों में हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ तलाक का मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा है। ज्योति ने मेंटेनेंस के तौर पर 10 करोड़ रुपये की मांग की है।

इस विवाद में भोजपुरी एक्ट्रेस Akshara Singh ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि एक लड़की के लिए 100 करोड़ भी कम हैं और अगर एलिमनी मिलती है तो वह उसका अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *