T20 वर्ल्ड कप: भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया, ईशान किशन बने प्लेयर ऑफ द मैच

KNEWS DESK- डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए सुपर-8 में धमाकेदार एंट्री कर ली है। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड 8-1 हो गया है, जो उसकी दबदबे की कहानी खुद बयां करता है।

मैच की असली कहानी रहे ईशान किशन। शुरुआती झटके के बावजूद उन्होंने जिस अंदाज में पारी को संभाला, उसने मुकाबले का रुख बदल दिया। 40 गेंदों पर 77 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए ईशान ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था, जिसने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।हालांकि दूसरे छोर से रन बनाना आसान नहीं था। पिच का मिजाज बदलता नजर आ रहा था और बल्लेबाजों को शॉट खेलने में संघर्ष करना पड़ रहा था। कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा तेजी से रन नहीं जुटा सके, लेकिन ईशान ने आक्रामक रवैया बनाए रखा।

आखिरी ओवरों में शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने तेजी से रन जोड़कर भारत को 175 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उस समय यह स्कोर चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आत्मविश्वास को देखते हुए जीत की उम्मीद साफ झलक रही थी।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम दबाव में बिखर गई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सटीक लाइन-लेंथ के साथ हमला बोला और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते रहे। नतीजा यह हुआ कि पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। भारत ने 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

इस मुकाबले से पहले काफी हलचल देखने को मिली थी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने पर विरोध जताते हुए भारत के खिलाफ मैच न खेलने की बात कही थी। हालांकि ICC की सख्त चेतावनी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अपना फैसला बदलना पड़ा। अंततः मैच खेला गया, लेकिन नतीजा पाकिस्तान के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *