पुडुचेरीः कराईकल रैली में अमित शाह का राहुल गांधी पर प्रहार, ‘झूठ की राजनीति’ का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी के कराईकल में भारतीय जनता पार्टी की एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्ष ने “रोज झूठ बोलने, जोर से बोलने और बार-बार दोहराने” की नई परंपरा शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विपक्ष की “झूठ गढ़ने वाली फैक्ट्री” को पहचान चुकी है। अमित शाह ने ट्रेड डील और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूरोपीय संघ, इंग्लैंड और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते देशहित में हैं। शाह के मुताबिक, इन समझौतों में किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने मंच से राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे इन समझौतों की बारीकियों को ध्यान से देखें, क्योंकि इससे देश के किसानों का कोई नुकसान नहीं होने वाला है।

‘2029 में फिर बनेगी मोदी सरकार’

रैली में अमित शाह ने दावा किया कि वर्ष 2029 में भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ही बनेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की बारी आने वाली नहीं है। शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में हुए कुछ वैश्विक समझौतों से किसानों को नुकसान हुआ था, जबकि मौजूदा सरकार ने किसानों और पशुपालकों को शत-प्रतिशत संरक्षण दिया है।

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप

अमित शाह ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए पुडुचेरी की पूर्व कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के कार्यकाल में 15 हजार करोड़ रुपये की विकास निधि में अनियमितताएं हुईं। शाह ने कहा कि पहले गांधी परिवार दिल्ली से पुडुचेरी के फैसले करता था, लेकिन अब एनडीए सरकार में केंद्र शासित प्रदेश अपने निर्णय स्वयं ले रहा है।

‘डबल इंजन सरकार’ का रिपोर्ट कार्ड जल्द

गृह मंत्री ने कहा कि पुडुचेरी में एनडीए सरकार ने राजनीतिक स्थिरता और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही “डबल इंजन सरकार” का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया जाएगा। रैली के दौरान अमित शाह ने तमिल भाषा में संबोधन न कर पाने पर खेद जताया और पुडुचेरी की ऐतिहासिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री अरविंद ने भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना यहीं देखा था और एनडीए सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *