डिजिटल डेस्क- बिहार के मधुबनी जिले से सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। लदनिया थाना क्षेत्र के गजहरा गांव में हथियारबंद बदमाशों ने गजहरा संस्कृत कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल दयाकांत झा के घर को निशाना बनाया। करीब एक घंटे तक चले इस दुस्साहसिक कांड में बदमाश लगभग एक करोड़ रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 24 नकाबपोश और हथियारबंद अपराधी घर के पीछे के आंगन की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर निगरानी व्यवस्था को निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।
पेंशन के 25 लाख और जेवरात लूटे
डकैतों ने पूरे घर को खंगाल डाला। बताया जा रहा है कि करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए गए। सेवानिवृत्त प्रिंसिपल के पेंशन फंड से जुड़े 25 लाख रुपये भी बदमाश अपने साथ ले गए। वारदात के दौरान अपराधी कुछ स्थानीय ग्रामीणों के नाम भी ले रहे थे, जिससे पुलिस को अंदरूनी सूचना या स्थानीय संलिप्तता की आशंका है।
मौके पर पहुंचे एसपी, डॉग स्क्वायड से जांच
घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और जयनगर के उपाधीक्षक राघव दयाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन तत्काल कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने संदेह के आधार पर स्थानीय निवासी सूर्यनाथ झा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास के घरों और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
नेपाल सीमा की ओर भागे बदमाश
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि डकैती की जांच के लिए उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। लदनिया पुलिस की गश्ती टीम ने संदिग्धों का पीछा भी किया, लेकिन घने कोहरे का फायदा उठाकर अपराधी नेपाल सीमा की ओर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि यह वारदात नेपाल स्थित किसी सक्रिय गिरोह द्वारा अंजाम दी गई हो सकती है। कुछ बदमाशों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया गया है।