मुंबई के मुलुंड में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा, ऑटो पर आ गिरा मलबा, चार घायल

डिजिटल डेस्क- मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक ऑटो रिक्शा समेत कई वाहन आ गए। हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार घटना दोपहर करीब 12:20 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरा हुआ सीमेंट ढांचा काफी बड़ा और भारी था, जिससे ऑटो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पहुंचा बचाव दल, शुरू किया राहत बचाव कार्य

सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। मुंबई फायर ब्रिगेड ने तुरंत स्थिति का आकलन कर मलबा हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड प्रशासन की टीम और 108 एंबुलेंस सेवा भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद एलबीएस रोड पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

हादसे के कारण का पता जुटाने में जुटा प्रशासन

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन पिलर की संरचना कमजोर हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चलेगा। मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदार कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *