Black Day: पुलवामा हमले की 7वीं बरसी पर देश ने शहीदों को किया नमन, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

KNEWS DESK- 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की बरसी पर देशभर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवान शहीद हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश के लिए उनका साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने लिखा कि पुलवामा में जान गंवाने वाले वीरों का बलिदान हर भारतीय को शक्ति देता है और राष्ट्र उनकी सेवा को कभी नहीं भूलेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह कायरतापूर्ण हमला देश को आतंकवाद के गंभीर खतरे की याद दिलाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में अडिग है और देश की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी शहीदों को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारत माता की रक्षा में दिए गए इन सर्वोच्च बलिदानों के लिए देश सदैव ऋणी रहेगा।

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए जवानों का बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अंकित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को मजबूत और सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला किया गया था। उस समय लगभग 2,500 जवानों का काफिला 78 बसों में यात्रा कर रहा था। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन Jaish-e-Mohammed ने ली थी।

पुलवामा हमला देश के लिए गहरे आघात का दिन माना जाता है और हर वर्ष 14 फरवरी को शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर उनके साहस और बलिदान को याद किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *