KNEWS DESK – Ranveer Singh इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर चर्चा में हैं। ओटीटी पर रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और फैंस ‘धुरंधर 2’ का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अभिनेता को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह और फिल्ममेकर Rohit Shetty को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से दोबारा धमकी दी गई है। इस बार वॉयस नोट के जरिए चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो दोनों के स्टाफ को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
वॉयस नोट से दी चेतावनी
सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर Harry Boxer ने कथित तौर पर एक धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा है। संदेश में कहा गया कि शिकायत करने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा और दोनों के मैनेजर व स्टाफ की गतिविधियों की जानकारी होने का दावा भी किया गया।
इससे पहले भी दोनों से कथित रूप से फिरौती की मांग की गई थी। ताजा वॉयस नोट में स्टाफ को जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, वॉयस नोट भेजने वाले की पहचान की जा चुकी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि एहतियात के तौर पर रणवीर सिंह और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।