डिजिटल डेस्क- बाराबंकी के थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। असैनी मोड़ के पास सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी बलेनो कार से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज पर पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए और अफरातफरी मच गई।
शव को भेजा गया पोस्टमार्टम
गोली लगने से सुयेब गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य सुराग एकत्र किए गए हैं।
एडीजी जोन भी पहुंचे बाराबंकी
बताया जा रहा है कि एडीजी जोन लखनऊ भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाश में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पेशेगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिवक्ता की पेशेगत गतिविधियों और हाल के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय अधिवक्ताओं और व्यापारियों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कई टीमों का गठन कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।