‘झूठे आरोपों की भी एक…’ मीडिया के सामने सच रखना कहते हैं ‘वड़ा पाव गर्ल’ के पति, वीडियो बनाकर की अपील

KNEWS DESK – दिल्ली की सड़कों से सुर्खियों तक पहुंचीं ‘वड़ा पाव गर्ल’ चंद्रिका दीक्षित एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कारोबार या रियलिटी शो नहीं, बल्कि उनकी शादीशुदा जिंदगी है। चंद्रिका ने हाल ही में अपने पति युगम गेरा पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है।

व्हाट्सऐप चैट दिखाकर लगाए आरोप

चंद्रिका दीक्षित, जो ‘वड़ा पाव गर्ल’ के नाम से मशहूर हुईं और बाद में बिग बॉस ओटीटी 3 का हिस्सा भी रहीं, उन्होंने एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि उनके पति पिछले दो महीनों से उन्हें धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर कुछ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी दिखाए और रोते हुए कहा, “मैं दो महीने से सब सह रही हूं, लेकिन अब नहीं।”

वीडियो सामने आते ही फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच हलचल मच गई। लोग अलग-अलग तरह के कयास लगाने लगे।

पति युगम गेरा का पलटवार

आरोपों के बाद अब युगम गेरा ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर मीडिया से बात करने की अपील की। वीडियो में युगम ने कहा, “बर्दाश्त करने की भी एक हद होती है। रोज-रोज झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं मीडिया के सामने आकर सच्चाई बताना चाहता हूं।”

https://www.instagram.com/reels/DUppbIWjQ9z/

इस बीच सोशल मीडिया पर चंद्रिका की एक तस्वीर भी वायरल हुई, जिसे कुछ लोग फेक बता रहे हैं।

सड़क से शोहरत तक का सफर

चंद्रिका और युगम पहले दिल्ली की सड़कों पर वड़ा पाव की दुकान चलाते थे। एक वायरल वीडियो ने चंद्रिका को रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्हें बिग बॉस ओटीटी 3 में भी मौका मिला और उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई।

लेकिन अब वही पब्लिक लाइफ उनकी निजी जिंदगी पर भारी पड़ती दिख रही है। इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। कुछ लोग चंद्रिका का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि पहले दोनों पक्षों की बात सुननी चाहिए। वहीं कुछ यूजर्स इसे पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *