पुर्तगाल में दुकान पर फायरिंग का दावा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में ली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क- गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जन्मदिन के दिन पुर्तगाल में फायरिंग की घटना का दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नामों ने पुर्तगाल के मरिन्हा ग्रांडे इलाके में एक दुकान पर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल पोस्ट में लिखा गया कि “AV Vitor Gallo 5A, Marinha Grande, Portugal” स्थित एक दुकान पर फायरिंग की गई। पोस्ट में हरी बॉक्सर और सुनील मीणा नाम के लोगों ने घटना की जिम्मेदारी लेने की बात कही है। साथ ही आरोप लगाया गया कि संबंधित दुकानदार भारतीय मजदूरों से काम करवाकर उनका पैसा रोकता था और पासपोर्ट जब्त कर ब्लैकमेल करता था।

सिर्फ ट्रेलर…. अगली बार सीने में मारी जाएगी गोली

पोस्ट में खुलेआम धमकी देते हुए कहा गया कि यह “सिर्फ ट्रेलर” है और अगर वह व्यक्ति नहीं सुधरा तो अगली बार उसे सीने में गोली मार दी जाएगी। गैंग की ओर से कथित तौर पर यह भी लिखा गया कि जो लोग एजेंटों और अन्य माध्यमों से उनके “भाइयों” को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, वे सावधान रहें। सोशल मीडिया पर सामने आए इस पोस्ट में कई आपत्तिजनक और धमकी भरे बयान दर्ज हैं। अंत में धार्मिक नारे भी लिखे गए हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक स्थानीय पुर्तगाली पुलिस या भारतीय एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो हो रहा वायरल

बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। पुर्तगाल के स्थानीय प्रशासन ने अभी तक सार्वजनिक रूप से विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि सोशल मीडिया पोस्ट और कथित फायरिंग की घटना के बीच क्या संबंध है। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनपुट जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *