‘ओ रोमियो’ को A सर्टिफिकेट, सेंसर बोर्ड की हिंसक सीन्स पर चली कैंची, बढ़ा रन टाइम

KNEWS DESK – शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रिलीज से पहले ही यह फिल्म सेंसर बोर्ड के फैसलों को लेकर चर्चा में आ गई थी। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है, यानी इसे सिर्फ 18 साल से ऊपर के दर्शक ही देख सकते हैं।

सेंसर बोर्ड ने किए ये बड़े बदलाव

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में कुछ संवादों और दृश्यों में बदलाव किए गए हैं। एक जगह इस्तेमाल किए गए ‘आइटम’ शब्द को बदलकर ‘कुमारी’ करने का निर्देश दिया गया। वहीं, एक अन्य सीक्वेंस में इस्तेमाल हुए एक विशेष शब्द को म्यूट कर दिया गया।

इसके अलावा ‘अनुचित’ शब्द को पूरी तरह हटाने के निर्देश भी दिए गए। हालांकि, फिल्म के रोमांटिक और इंटीमेट सीन्स को बिना किसी कट के पास किया गया है, जो इस फिल्म की चर्चा का बड़ा कारण बना हुआ है।

वॉयलेंस सीन पर चली कैंची

जहां रोमांटिक हिस्सों को जस का तस रखा गया, वहीं कुछ हिंसक दृश्यों को छोटा किया गया है। गला काटने वाले क्लोज-अप शॉट को लगभग 20% कम किया गया। खून से सने सिर पर वार और महिला के चेहरे पर खून गिरने वाले दो शॉट्स को करीब 2-2 सेकंड घटाया गया। महिला को थप्पड़ मारने वाले दृश्य को भी लगभग 20% ट्रिम किया गया।

रन टाइम बढ़ा, जोड़ा गया डिस्क्लेमर

CBFC ने फिल्म में एंटी-टोबैको और एंटी-स्मोकिंग डिस्क्लेमर जोड़ने के भी निर्देश दिए। स्क्रीन पर आने वाली चेतावनी और वॉयसओवर की अवधि बढ़ाए जाने से फिल्म का कुल रन टाइम 2 घंटे 58 मिनट 41 सेकंड हो गया है। सिर्फ वार्निंग स्क्रीन का समय 1 मिनट 57 सेकंड है।

बजट और बॉक्स ऑफिस उम्मीदें

करीब 75-80 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘ओ रोमियो’ से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें हैं। ट्रेड पंडितों का मानना है कि फिल्म 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के ओटीटी राइट्स पहले ही बिक चुके हैं, जिससे निर्माताओं को शुरुआती राहत मिल गई है।

‘ओ रोमियो’ का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर शनाया कपूर की फिल्म ‘तू या मैं’ से हो रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक किस फिल्म को ज्यादा प्यार देते हैं और किसकी ओपनिंग ज्यादा दमदार रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *